
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। प्रदेश में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब आम जनता ही नहीं, बल्कि भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक भी सुरक्षित नहीं हैं। मॉर्निंग वॉक के दौरान बाइक सवार बदमाशों द्वारा उनका मोबाइल छीनकर फरार हो जाना प्रदेश की बिगड़ती सुरक्षा व्यवस्था का बड़ा उदाहरण है। ये बातें बिलासपुर लोकसभा प्रत्याशी व कांग्रेस नेता देवेंद्र यादव ने कहा।
विधायक देवेंद्र यादव ने कहा कि सबसे हैरानी की बात यह है कि जिस समय देश के गृह मंत्री छत्तीसगढ़ के दौरे पर मौजूद हैं, उसी दौरान इस प्रकार की घटना होना सरकार और पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। प्रदेश सरकार लगातार कानून व्यवस्था को बेहतर बताने के दावे कर रही है, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। आज प्रदेश की जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है। चोरी, लूट, चाकूबाजी और अन्य आपराधिक घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन सरकार अपराध रोकने के बजाय केवल प्रचार और बयानबाजी में व्यस्त दिखाई देती है। अगर भाजपा के इतने वरिष्ठ नेता के साथ इस तरह की घटना हो सकती है, तो आम नागरिकों की सुरक्षा की स्थिति का सहज अंदाजा लगाया जा सकता है। प्रदेश सरकार को चाहिए कि कानून व्यवस्था को लेकर केवल दिखावटी दावे करने के बजाय अपराधियों पर सख्त कार्रवाई करें और जनता में सुरक्षा का विश्वास कायम करें।