
बिलासपुर। शुक्रवार को लू लगने से एक बुजुर्ग भिखारी की मौत हो गई, वो दिन से बीमार था। जिले के साथ-साथ शहर में भी सूरज के तेवर लगातार तीखे होते जा रहे हैं, जिससे पूरा इलाका भीषण गर्मी की चपेट में है। बुधवार को अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.3 डिग्री अधिक रहा। जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र में लू से भिखारी से मौत होने की आशंका है। ग्राम जोंधरा में 75 वर्षीय बुजुर्ग शुक्रवार की शाम को बाजार के पास मृत मिला। जूता दुकान के बाहर उसका शव पड़ा था। बुजुर्ग दो महीने से जोंधरा में था और भिक्षा मांगकर जीवन यापन कर रहा था। वह दिनभर इधर उधर घूमता था और रात को कहीं भी सो जाता था। पिछले दो दिन से वह बीमार था। भीषण गर्मी और लू के बीच भी वह बाजार के पास ही पड़ा था। सूचना मिलने पर मस्तूरी पुलिस पहुंची और उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मस्तूरी भेजा। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्च्युरी भेज दिया। मौत के वास्तविक कारणों का पता नहीं है, लेकिन हीट स्ट्रोक को ही इसकी वजह बताया जा रहा है। उसके शरीर का पानी सूख चुका था। मस्तूरी टीआई कृष्ण चंद्र सिदार ने बताया कि, मृतक की तबीयत कुछ दिनों से खराब थी। उसका शरीर पूरी तरह सूख गया था, जिसके चलते शुक्रवार को उसकी मौत हो गई।