महापौर के नेतृत्व में बीजेपी ने मांगा जन समर्थन


बिलासपुर। नगर निगम के तारबाहर वार्ड क्रमांक 29 के उपचुनाव में महापौर पूजा विधानी के नेतृत्व में बेजीपी के कार्यकर्ता जनसंपर्क अभियान में जुट गए हैं। भाजपा पार्षद प्रत्याशी मधु राव के समर्थन में वार्ड के विभिन्न मोहल्लों में घर-घर पहुंचकर मतदाताओं से भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की गई। इस दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने लोगों से कमल फूल छाप पर वोट देने का आग्रह करते हुए केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी भी दी।
भाजपा नेताओं ने वार्डवासियों को राज्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे महतारी वंदन योजना, आयुष्मान भारत योजना, मोर घर मोर जमीन मोर मकान योजना और विभिन्न पेंशन योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि भाजपा सरकार लगातार आम लोगों के हित में काम कर रही है। कार्यकर्ताओं ने लोगों को बताया कि सरकार की योजनाओं का लाभ सीधे जरूरतमंद परिवारों तक पहुंच रहा है और विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। अभियान के दौरान महिला मोर्चा, बूथ इकाई समिति और वार्ड कार्यकर्ताओं ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। भाजपा कार्यकर्ताओं ने दावा किया कि वार्ड की जनता इस बार बदलाव के मूड में है और भाजपा प्रत्याशी मधु राव को अच्छा समर्थन मिल रहा है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि पार्टी पूरी मेहनत और लगन के साथ चुनाव प्रचार में जुटी हुई है और जनता का भरोसा भाजपा के साथ दिखाई दे रहा है। वार्ड के विभिन्न क्षेत्रों में हुए जनसंपर्क के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने लोगों से अधिक से अधिक मतदान करने और वार्ड के विकास के लिए भाजपा प्रत्याशी को विजयी बनाने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *