मोदी सरकार के 12 वर्ष सेवा, सुशासन और विकास को समर्पित : साव


बिलासपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित मीडिया संवाद कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से शुरू हुई यह विकास यात्रा जनता के विश्वास, पारदर्शी शासन, सुशासन और गरीब कल्याण के संकल्प पर आधारित रही है। इसी विश्वास के कारण देश की जनता ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को लगातार तीसरी बार देश की सेवा का अवसर प्रदान किया है। मीडिया संवाद कार्यक्रम में बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, महापौर पूजा विधानी, भाजपा जिलाध्यक्ष (शहर) दीपक ठाकुर तथा भाजपा नेत्री हर्षिता पांडे सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे। उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि केंद्र सरकार ने पिछले 12 वर्षों में गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए अनेक ऐतिहासिक योजनाएं संचालित की हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री जन-धन योजना, आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं ने करोड़ों परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) व्यवस्था के माध्यम से सरकारी सहायता सीधे हितग्राहियों के बैंक खातों में पहुंचाई गई, जिससे भ्रष्टाचार पर अंकुश लगा और शासन व्यवस्था में पारदर्शिता एवं जवाबदेही को मजबूती मिली। इससे पात्र हितग्राहियों को बिना किसी बिचौलिये के योजनाओं का लाभ प्राप्त हुआ है। उपमुख्यमंत्री साव ने कहा कि पिछले एक दशक में देश के बुनियादी ढांचे में अभूतपूर्व विस्तार हुआ है। राष्ट्रीय राजमार्गों, एक्सप्रेस-वे, रेलवे नेटवर्क, मेट्रो सेवाओं, हवाई अड्डों और डिजिटल कनेक्टिविटी के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पेयजल और सिंचाई सुविधाओं के विस्तार से किसानों और ग्रामीणों को सीधा लाभ मिला है। वहीं रेलवे के तीव्र विद्युतीकरण तथा वंदे भारत ट्रेनों के संचालन ने देश की परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और तेज बनाया है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने विकास के साथ-साथ भारत की सांस्कृतिक विरासत, राष्ट्रीय अस्मिता और जनभागीदारी को भी सशक्त बनाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि वैश्विक मंचों पर भारत की प्रतिष्ठा लगातार बढ़ी है। जी-20 शिखर सम्मेलन की सफल अध्यक्षता, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की वैश्विक स्वीकृति तथा देश में बढ़ते विदेशी निवेश भारत की बढ़ती आर्थिक और कूटनीतिक ताकत का प्रमाण हैं। उपमुख्यमंत्री साव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित, आत्मनिर्भर और समावेशी भारत के निर्माण का संकल्प निरंतर आगे बढ़ रहा है। केंद्र सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने और सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास एवं सबका प्रयास के मंत्र के साथ राष्ट्र निर्माण की दिशा में कार्य कर रही है। अंत में उन्होंने कहा कि बीते 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित किए हैं और आने वाले वर्षों में भी भारत को विश्व की अग्रणी शक्तियों में शामिल करने के लिए यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *