
बिलासपुर। शादीशुदा महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसके शरीर पर चोट के निशान मिले है। मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच कर ससुरालवालों पर केस दर्ज करने की मांग की है। वहीं, महिला के पति का कहना है कि उसकी पत्नी ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है। उत्तरप्रदेश के सोनभद्र जिले के मधुपुर निवासी अदिति मौर्य (28) की शादी 10 फरवरी 2019 को दयालबंद मधुबन रोड निवासी रविकांत मौर्य से हुई थी। उनकी 13 महीने की बेटी भी है। रविकांत तिफरा सब्जी मंडी में व्यवसाय करता है। पति का दूसरी महिला से संबंध होने के आरोपों पर विवाद होता था। पुलिस को दिए बयान में उसने बताया कि, वह बेटी को लेकर ऊपर कमरे में सो रहा था, जबकि अदिति नीचे थी। नीचे पहुंचने पर पत्नी बेड पर मिली। उसका दावा है कि अदिति ने सिल्क की साड़ी से फांसी लगाने की कोशिश की थी और फंदा खुलने से नीचे गिर गई।
मृतका के भाई अखिलेश वर्मा ने पुलिस को शिकायत में बताया है कि, शादी के कुछ समय बाद से ही अदिति को पति और ससुराल पक्ष शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताडि़त कर रहा था। परिवार के लोगों का आरोप है कि, अदिति अक्सर फोन पर अपने साथ हो रही मारपीट और उत्पीडऩ की जानकारी देती थी। वहीं, अदिति के भाई अभिषेक वर्मा ने पति पर दूसरी महिला से संबंध होने का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि, एक सप्ताह पहले अदिति ने पति के मोबाइल की चैट का वीडियो बनाकर अपनी बड़ी बहन पिंकी को भेजा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था।