8 दिन में सुधरा हैंडपंप, ग्रामीणों को मिली राहत


बिलासपुर। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन आम लोगों की छोटी-बड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बनती जा रही है। बिल्हा विकासखंड के ग्राम धमनी में करीब दो महीने से खराब पड़े सार्वजनिक हैंडपंप की शिकायत मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में दर्ज होने के महज आठ दिनों के भीतर उसका सुधार कर ग्रामीणों को पेयजल की सुविधा बहाल कर दी गई। ग्राम धमनी निवासी राहुल यादव ने 28 जून 2026 को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि उनके मोहल्ले का सार्वजनिक हैंडपंप लंबे समय से खराब है, जिससे ग्रामीणों को पेयजल के लिए परेशान होना पड़ रहा है। शिकायत मिलते ही जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद विभागीय तकनीकी दल ने मौके पर पहुंचकर हैंडपंप का निरीक्षण किया और खराबी की जांच की। आवश्यक मरम्मत कार्य पूरा कर 6 जुलाई 2026 को हैंडपंप को दोबारा चालू कर दिया गया। हैंडपंप सुधरने के बाद ग्रामीणों को फिर से पेयजल उपलब्ध होने लगा और लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान हो गया। शिकायतकर्ता राहुल यादव ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से शिकायत के त्वरित निराकरण पर संतोष जताते हुए जिला प्रशासन और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समय पर हुई कार्रवाई से पूरे मोहल्ले को बड़ी राहत मिली है। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देशन में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों के निराकरण पर विशेष जोर दिया जा रहा है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि आम नागरिकों से जुड़ी दैनिक समस्याओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान किया जाए। प्रशासन के अनुसार मुख्यमंत्री हेल्पलाइन जनता और प्रशासन के बीच भरोसे का सशक्त माध्यम बनकर सुशासन की अवधारणा को मजबूत कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *