सेवा संकल्प अभियान में केंद्रीय मंत्री ने कुम्हार से खरीदा मिट्टी का दीया


बिलासपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा को समर्पित सेवा संकल्प अभियान के तहत केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने रविवार को बिलासपुर के कुम्हारपारा पहुंचकर कुम्हार से मिट्टी का दीया खरीदा। इस दौरान उन्होंने नागरिकों से 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर एक दीया जलाकर उनके प्रति स्नेह और शुभकामनाएं व्यक्त करने की अपील की।
तोखन साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा राष्ट्र के प्रति समर्पण और निरंतर सेवा का प्रतीक है। इसी भावना को जनभागीदारी से जोडऩे के लिए अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अभियान में सहभागी बनने का आह्वान करते हुए कहा, एक दीया उन 25 वर्षों के नाम, जिसने जीवन सँवारा—उसे आशीर्वाद हमारा। उन्होंने कहा कि मिट्टी का दीया केवल प्रकाश का प्रतीक नहीं है, बल्कि यह देश की परंपरा, श्रम और स्थानीय कारीगरों के सम्मान से भी जुड़ा है। कुम्हारपारा पहुंचकर दीया खरीदने का उद्देश्य स्थानीय कारीगरों को प्रोत्साहित करना भी है। अभियान के बाद मंत्री साहू तखतपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बेलटुकरी पहुंचे। यहां उन्होंने विधायक एवं वरिष्ठ नेता धर्मजीत सिंह को जन्मदिवस की बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने धर्मजीत सिंह के नेतृत्व, स्पष्ट सोच और जनता के साथ आत्मीय जुड़ाव की सराहना की। साथ ही उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर जनसेवा की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *