
बिलासपुर। लोको रनिंग स्टाफ की समस्याओं को लेकर चल रहा आंदोलन नौवें दिन और व्यापक हो गया। बुधवार को प्रदर्शन कर रहे लोको पायलटों के समर्थन में उनके परिवार के सदस्य भी सडक़ पर उतरे। कर्मचारियों और परिजनों ने रैली निकालकर धरनास्थल पहुंचकर अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया। बिलासपुर रेल मंडल में रनिंग स्टाफ का आंदोलन स्टाफ की कमी, लंबे ड्यूटी ऑवर्स, पर्याप्त विश्राम और कार्य परिस्थितियों से जुड़े मुद्दों को लेकर चल रहा है। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता (परिचालन) के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उन्हें हटाने की मांग की। कर्मचारियों ने अधिकारी पर प्रताडऩा और कामकाज में अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। परिजनों का कहना है कि लोको पायलटों का काम सीधे ट्रेन संचालन और यात्रियों की सुरक्षा से जुड़ा है। ऐसे में कर्मचारियों को निर्धारित आराम और सुरक्षित कार्य परिस्थितियां मिलना जरूरी है। कर्मचारियों का आरोप है कि स्टाफ की कमी के चलते ड्यूटी का दबाव बढ़ रहा है और पर्याप्त विश्राम नहीं मिल पा रहा है। रनिंग स्टाफ ने स्पष्ट किया है कि मांगों पर समाधान होने तक धरना जारी रहेगा। कर्मचारियों ने पूर्व में मंडल रेल प्रबंधक को भी ज्ञापन सौंपा था। अब आंदोलन के विस्तार के बीच रेलवे प्रबंधन की ओर से वार्ता और शिकायतों पर कार्रवाई को लेकर अगला कदम महत्वपूर्ण माना जा रहा है।