
बिलासपुर। नगर निगम बिलासपुर के नवनियुक्त एल्डरमेन का भारतीय जनता पार्टी जिला बिलासपुर शहर की ओर से भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री एवं बिलासपुर सांसद तोखन साहू, नगरीय निकाय एवं जिला प्रभारी मंत्री अरुण साव, पूर्व मंत्री एवं बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक, तखतपुर विधायक धरमजीत सिंह तथा बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला की गरिमामयी उपस्थिति रही। समारोह में सभी नवनियुक्त एल्डरमेन का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया गया तथा उनके सफल और जनहितकारी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दी गईं। भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ने कहा कि एल्डरमेन का दायित्व केवल एक पद नहीं, बल्कि शहर के विकास और जनसेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी नवनियुक्त एल्डरमेन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन, सेवा और विकास के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए नगर निगम के विकास कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। नगर निगम के माध्यम से शहर के सर्वांगीण विकास, स्वच्छता, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सभी जनप्रतिनिधि समन्वय और समर्पण के साथ कार्य करेंगे। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, मंत्री अरुण साव, विधायक अमर अग्रवाल, धरमलाल कौशिक, धरमजीत सिंह, सुशांत शुक्ला, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह सहित अन्य नेताओं ने सभी एल्डरमेन को बधाई देते हुए जनहित में सक्रियता से कार्य करने की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में नवनियुक्त एल्डरमेन शेखर पाल, चंद्रप्रकाश मिश्रा, योगेश बोले, जुगल अग्रवाल, देवाशीष घोष ‘लाल्टू’, विष्णु सोनी, अशोक ठाकुर, ज्ञानचंद कौशिक, रामू साहू, संतोष कुमार दुबे और भगवती कुमार साहू ने पार्टी नेतृत्व एवं प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वे संगठन की अपेक्षाओं के अनुरूप पूरी निष्ठा और ईमानदारी से जनसेवा करेंगे तथा बिलासपुर के विकास में अपनी सक्रिय और प्रभावी भूमिका निभाएंगे।