तिलक नगर के विस्थापितों ने विधायक को घेरा


बिलासपुर। पुनर्वास की मांग को लेकर तिलक नगर के विस्थापित परिवारों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान प्रभावित परिवारों ने विधायक अमर अग्रवाल को घेरकर अपनी समस्या बताई। उन्होंने मांग की कि करीब छह साल पहले हटाए गए परिवारों को तिलक नगर में ही बसाया जाए। मांग पूरी नहीं होने पर तंबू लगाकर धरना देने की चेतावनी भी दी। तिलक नगर में श्रीराम मंदिर के पीछे नदी किनारे रहने वाले करीब 300 परिवारों को कोरोना काल में भारी बारिश के दौरान हटाया गया था। प्रभावितों का कहना है कि उस समय प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान बनाकर देने का भरोसा दिलाया गया था, लेकिन अब तक पुनर्वास की समस्या हल नहीं हुई है। परिवारों के मुताबिक, वे पहले भी विधायक से मिलकर अपनी मांग रख चुके हैं। हर बार टेंडर और फंड उपलब्ध होने के बाद कार्रवाई का आश्वासन मिलता है, लेकिन जमीन चयन और मकानों के नक्शे को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। स्थानीय निवासी अंकुश ठाकुर ने कहा कि अधिकारियों से चर्चा के बाद दो दिन में जवाब देने की बात कही गई थी, लेकिन एक सप्ताह बीतने पर भी कोई ठोस जानकारी नहीं मिली। उन्होंने पुनर्वास के लिए उपलब्ध कराए गए मकानों की जर्जर हालत और बारिश में पानी भरने की समस्या भी बताई। वहीं, अनिता यादव ने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों से परिवार परेशान हैं। विस्थापितों ने स्पष्ट किया कि अब उन्हें आश्वासन नहीं, बल्कि पुनर्वास पर ठोस निर्णय चाहिए। मांग पूरी नहीं होने पर वे धरना शुरू करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *