गुपचुप-चाट खाने के बाद 7 लोग बीमार


बिलासपुर। दुर्गोत्सव घूमने आए परसदा के रहने वाले एक परिवार के 7 लोग गुपचुप और चाट खाने के बाद बीमार पड़ गए। सोमवार सुबह सभी को उल्टी-दस्त की शिकायत होने लगी।
दोपहर करीब 12 बजे तबीयत ज्यादा बिगडऩे पर परिजन उन्हें सिम्स लेकर पहुंचे। बीमारों में बच्चे भी शामिल हैं। अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक, सभी की हालत फिलहाल सामान्य है। परिजनों के अनुसार, रविवार रात महेश साहू अपने परिवार के साथ दुर्गा प्रतिमाएं देखने बिलासपुर आए थे। रात करीब 12 बजे उन्होंने सीएमडी कॉलेज के पास एक ठेले पर गुपचुप और चाट खाई। इसके बाद सभी अपने गांव परसदा लौट गए। सोमवार सुबह परिवार के सदस्यों को एक-एक कर उल्टी-दस्त होने लगे। कुछ ही समय में 7 लोगों की तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद परिजन सभी को इलाज के लिए सिम्स ले आए। सिम्स में भर्ती मरीजों में संतोषी साहू (27), महेश साहू (32), सोमेश साहू (15), सुमन साहू (18), सुजीता साहू (14), प्रभा साहू (26) और शिवांश साहू (6) शामिल हैं। शिवांश को बाल रोग विभाग में भर्ती किया गया है। सोमवार दोपहर उसकी हालत बिगड़ी थी, लेकिन शाम तक स्थिति सामान्य हो गई। सिम्स के अस्पताल अधीक्षक डॉ. लखन सिंह ने बताया कि सोमवार को परसदा से उल्टी की शिकायत के बाद मरीज अस्पताल पहुंचे थे। सभी को भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। उनकी स्थिति ठीक है। डॉक्टरों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *