सरकारी योजना से 850 श्रद्धालुओं का अयोध्या जाने का सपना हुआ साकार


बिलासपुर। भगवान श्रीराम के दर्शन की लालसा रखने वाले श्रद्धालुओं के लिए श्री रामलला दर्शन योजना आस्था के साथ-साथ उम्मीद का सहारा बन रही है। आर्थिक कठिनाइयों के कारण तीर्थयात्रा नहीं कर पाने वाले 850 श्रद्धालु बुधवार को आस्था स्पेशल ट्रेन से अयोध्या धाम के लिए रवाना हुए। बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर सांसद कमलेश जांगड़े और बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर विदा किया। श्रद्धालुओं की रवानगी के दौरान रेलवे स्टेशन पर उत्साह और भक्ति का माहौल रहा। तिलक लगाकर और फूल बरसाकर यात्रियों का स्वागत किया गया। जय श्रीराम के जयघोष से स्टेशन गूंज उठा। कई श्रद्धालुओं ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि प्रभु श्रीराम के दर्शन करना उनके जीवन का बड़ा सपना था। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वे अब तक अयोध्या की यात्रा नहीं कर पाए थे। शासन की पहल से उनका यह सपना पूरा होने जा रहा है। सांसद कमलेश जांगड़े ने कहा कि श्री रामलला दर्शन योजना प्रदेश के श्रद्धालुओं को अयोध्या धाम की यात्रा का अवसर दे रही है। यह पहल लोगों की धार्मिक आस्था का सम्मान करती है। विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित योजना से विभिन्न वर्गों के लोगों को प्रभु श्रीराम के दर्शन का अवसर मिल रहा है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं के सुखद और मंगलमय यात्रा की कामना की। इस यात्रा में श्रद्धालु अयोध्या में श्री रामलला के दर्शन के साथ काशी विश्वनाथ मंदिर भी जाएंगे। शासन की ओर से आने-जाने, ठहरने, मंदिर दर्शन, नाश्ते और भोजन की व्यवस्था की गई है। यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए सहयोगियों, सुरक्षाकर्मियों तथा चिकित्सकों का दल भी साथ रहेगा। योजना के माध्यम से श्रद्धालुओं को बिना आर्थिक बोझ के तीर्थयात्रा का अवसर मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *