बिलासपुर। राष्ट्रपति पुरस्कार की तैयारियों को लेकर आयोजित राज्य स्तरीय पूर्वाभ्यास शिविर में बिलासपुर जिले के छह प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इनमें चार गाइड और दो रोवर शामिल रहे। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, छत्तीसगढ़ की ओर से 15 से 17 अक्टूबर तक राज्य प्रशिक्षण केंद्र, अभनपुर (झांकी) में आयोजित शिविर में प्रतिभागियों को पुरस्कार से जुड़ी प्रक्रियाओं और निर्धारित मानकों का प्रशिक्षण दिया गया। शिविर का संचालन राज्य सचिव अमित क्षत्रिय ने किया। मुख्य परीक्षक के रूप में एएलटी रोवर सूरज कसार ने जिम्मेदारी निभाई। प्रशिक्षण में स्काउटिंग और गाइडिंग की गतिविधियों के साथ प्रतिभागियों की दक्षता बढ़ाने पर ध्यान दिया गया। बिलासपुर जिले से दिव्या पटेल, हिमांशी श्रीवास, सत्या और किरण ने गाइड के रूप में, जबकि नितेश चंद्राकर और चंद्रशेखर पंकज ने रोवर के रूप में सहभागिता की। शिविर में प्रतिभागियों को अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सेवा भावना और संगठनात्मक कौशल विकसित करने के लिए मार्गदर्शन दिया गया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य प्रतिभागियों को राष्ट्रपति पुरस्कार की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करना और उनमें सामाजिक सेवा व समर्पण की भावना को मजबूत करना था। जिले के प्रतिभागियों की सहभागिता से स्थानीय स्तर पर स्काउटिंग एवं गाइडिंग गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।