नए आइडिया पर मिलेंगे 10 लाख रुपए, 30 तक करें आवेदन

बिलासपुर। नए विचारों को कारोबार में बदलने और युवाओं को उद्यमिता के लिए प्रोत्साहित करने जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र ने सीएमडी महाविद्यालय में ‘सेवा फस्र्ट इनोवेशन चैलेंज 2026’ के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें विद्यार्थियों और नवाचारकर्ताओं को प्रतियोगिता की प्रक्रिया, पुरस्कार राशि और पंजीयन की जानकारी दी गई। जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के प्रबंधक सुनील कुमार पाण्डेय ने बताया कि प्रतियोगिता में 10 अलग-अलग क्षेत्रों से नए और उपयोगी विचार आमंत्रित किए जा रहे हैं। प्रत्येक क्षेत्र से पांच विजेताओं का चयन होगा। इनमें एक स्थान महिला प्रतिभागियों और एक स्थान 21 वर्ष से कम उम्र के प्रतिभागियों के लिए आरक्षित रहेगा। कुल 50 विजेताओं को 10-10 लाख रुपए दिए जाएंगे। इस तरह कुल पांच करोड़ रुपए की पुरस्कार राशि वितरित की जाएगी। प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए 30 अक्टूबर 2026 तक पंजीयन किया जा सकता है। इसमें विद्यार्थी ही नहीं, अन्य इच्छुक व्यक्ति और नवाचारकर्ता भी भाग ले सकते हैं। महाविद्यालय के चेयरमैन डॉ. संजय दुबे ने युवाओं से समाज और उद्योग की समस्याओं के समाधान पर आधारित रचनात्मक विचार प्रस्तुत करने की अपील की। प्रबंधक उत्तम कुमार दुबे ने स्वरोजगार योजनाओं और उद्यमिता के अवसरों की जानकारी दी। प्राचार्य संजय सिंह ने प्रतियोगिता का अधिक से अधिक प्रचार करने और इच्छुक प्रतिभागियों को पंजीयन के लिए प्रेरित करने कहा। कार्यक्रम में 60 से अधिक विद्यार्थी शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *