कैशलेस इलाज से कर्मचारियों को मिलेगी राहत


बिलासपुर। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा शासकीय कर्मचारियों और उनके आश्रित परिवारों के लिए कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्णय का भाजपा शिक्षा प्रकोष्ठ के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रामदत्त गौरहा ने स्वागत किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री और राज्य सरकार के प्रति आभार जताते हुए इसे कर्मचारी हित में महत्वपूर्ण कदम बताया। श्री गौरहा ने कहा कि बीमारी के दौरान इलाज का खर्च कई परिवारों के लिए आर्थिक परेशानी का कारण बनता है। ऐसे में कैशलेस चिकित्सा सुविधा मिलने से कर्मचारियों और उनके परिजनों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। उन्हें इलाज के समय तत्काल पैसों की व्यवस्था करने की चिंता से भी मुक्ति मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि शासकीय कर्मचारी शिक्षा, स्वास्थ्य और प्रशासन सहित विभिन्न विभागों के माध्यम से शासन की योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रदेश के विकास में उनके योगदान को देखते हुए स्वास्थ्य सुरक्षा से जुड़ा यह निर्णय सराहनीय है। श्री गौरहा ने कहा कि इस सुविधा से कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा और वे अधिक निश्चिंत होकर अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकेंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्य सरकार भविष्य में भी कर्मचारियों और उनके परिवारों के हित में स्वास्थ्य, शिक्षा तथा सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी सुविधाओं का विस्तार करेगी। उन्होंने कहा कि कर्मचारी कल्याण से जुड़े ऐसे निर्णय सुशासन और संवेदनशील प्रशासन की भावना को दर्शाते हैं। गौरहा ने इस पहल के लिए राज्य सरकार के प्रति पुन: आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *