बिलासपुर। सीएमडी महाविद्यालय बिलासपुर में आयोजित विकसित भारत यूथ कन्वेंशन के अंतर्गत युवा संवाद कार्यक्रम में युवाओं को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री व नगर विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि आज का युवा अपनी प्रतिभा, नवाचार और संकल्प के साथ देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। युवाओं की यही ऊर्जा, सकारात्मक सोच और राष्ट्र के प्रति समर्पण वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की सबसे बड़ी ताकत है। युवा संवाद के दौरान युवाओं की भूमिका, उनके समक्ष उपस्थित चुनौतियों, कौशल विकास, रोजगार, मानसिक स्वास्थ्य, सामाजिक जिम्मेदारी व राष्ट्र निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार साझा किए गए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भारत विश्व के सबसे युवा देशों में शामिल है और युवाओं की रचनात्मक क्षमता देश की प्रगति को नई दिशा देने में सक्षम है। युवा केवल लोकतंत्र के मतदाता ही नहीं, बल्कि देश के भविष्य और विकास की दिशा तय करने वाले महत्वपूर्ण भागीदार भी हैं। इसलिए मतदान के अधिकार का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करना और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक रहना प्रत्येक युवा का कर्तव्य है। श्री अग्रवाल ने बताया कि वर्तमान समय में पढ़ाई, करियर, प्रतियोगी परीक्षाओं और रोजगार की अनिश्चितताओं के कारण युवाओं में मानसिक तनाव बढऩे की चुनौती सामने आ रही है। सोशल मीडिया की आभासी दुनिया और दूसरों से लगातार तुलना भी युवाओं के आत्मविश्वास को प्रभावित कर सकती है। उन्होंने युवाओं से कहा कि वे भविष्य की अनावश्यक चिंता में अपनी ऊर्जा व्यर्थ करने के बजाय वर्तमान पर ध्यान केंद्रित करें, अपनी क्षमताओं को पहचानें और निरंतर प्रयास करते रहें। युवा संवाद के दौरान पूर्व मंत्री ने युवाओं को कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा, नवाचार और उद्यमिता से जुडऩे के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि बदलते दौर में केवल सरकारी नौकरी की प्रतीक्षा करने के बजाय युवाओं को स्वरोजगार, स्टार्टअप, स्थानीय संसाधनों पर आधारित उद्यम और रोजगार सृजन की संभावनाओं पर भी ध्यान देना चाहिए। केंद्र एवं राज्य सरकार की रोजगार, कौशल विकास और युवा स्वरोजगार संबंधी योजनाओं का लाभ पात्र युवाओं तक पहुंचाना भी महत्वपूर्ण है।