
बिलासपुर। भाई व बहनों को साइबर अपराध से सुरक्षित बचाने के लिए पुलिस विभाग द्वारा रक्षा बंधन पर्व के अवसर पर साइबर जागृति रक्षा सूत्र अभियान चलाया गया। इस दौरान 1 लाख 25 लोगों के हाथों में रक्षा सूत्र बांधा गया। साथ ही साइबर अपराध के संबंध में जागरूक भी किया गया। एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश में साइबर जागृति रक्षा सूत्र अभियान चलाया गया। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ एनसीसी के बच्चों ने भी अभियान में बढ़-चढक़र भाग लिया। यह अभियान रक्षाबंधन के दिन भी जारी रहेगा। मस्तूरी, पचपेड़ी और मल्हार समेत जिले के सभी थाना क्षेत्रों में रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर विशेष साइबर जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस ने लोगों को साइबर जागरूकता का रक्षा सूत्र बांधकर ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने का संदेश दिया। साथ ही साइबर सुरक्षा से जुड़े स्टिकर लगाए गए और लोगों से अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने की अपील की गई। इसी अभियान के तहत मल्हार में एनएसएस की छात्राओं ने पुलिस सहायता केंद्र पहुंचकर पुलिसकर्मियों को राखी बांधी। एएसपी मधुलिका सिंह की मौजूदगी में लोगों को ओटीपी बैंक खाते और अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की समझाइश दी गई। साइबर जागरूकता का यह अभियान जिले के 17 थानों और 4 चौकियों के साथ यातायात पुलिस, महिला थाना सहित सभी थाना-चौकी क्षेत्रों में चलाया जा रहा है। पुलिस टीमों ने शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर राहगीरों की कलाई पर साइबर जागृति रक्षा सूत्र बांधा और उन्हें डिजिटल दुनिया में सतर्क रहने का संकल्प दिलाया। अभियान के दौरान पुलिस ने लोगों को साइबर ठगी के अलग-अलग तरीकों की जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि साइबर अपराधी फर्जी कॉल, लिंक, ओटीपी, केवायसी अपडेट, बैंक अधिकारी बनकर फोन, ऑनलाइन निवेश, सोशल मीडिया और फर्जी एपीके या एप्लीकेशन के जरिए लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। बिलासपुर पुलिस की ओर से साइबर जागरूकता के लिए ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी भी कराई जा रही है। इसमें भाग लेने वाले लोगों को सहभागिता प्रमाण पत्र दिया जा रहा है। नागरिक क्विज में शामिल होकर साइबर सुरक्षा से जुड़ी जरूरी जानकारी हासिल कर सकते हैं।