खेत की मेड़ को लेकर खूनी विवाद, भाले से हमला कर ग्रामीण की हत्या


कोरबा। पाली थाना क्षेत्र के खैरबहारा गांव में खेत की मेड़ को लेकर चल रहे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो आरोपियों ने एक ग्रामीण के साथ मारपीट की और भाले से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल ग्रामीण की इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि दूसरा आरोपी वारदात के बाद से फरार है। पुलिस के अनुसार मृतक अजय कुमार रोहिदास खैरबहारा गांव का निवासी था। उसके घर के पास भारत सिंह कंवर का खेत है, जबकि अजय के पिता सत्यनारायण का खेत भारत के खेत के नीचे स्थित है। धान की रोपाई के लिए सत्यनारायण ने भारत के खेत की मेड़ तोडक़र पानी अपने खेत में लिया था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। घटना 25 अगस्त की रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक भारत सिंह कंवर अपने साथी संजय कुमार कंवर के साथ अजय के घर पहुंचा। दोनों ने मेड़ तोडऩे की बात को लेकर अजय से बहस और गाली-गलौज शुरू कर दी। अजय ने बताया कि वह दीपका से काम करके लौटा है और उसे मेड़ तोड़े जाने की जानकारी नहीं है। इसके बावजूद विवाद शांत नहीं हुआ। आरोप है कि दोनों ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। विवाद के दौरान भारत सिंह कंवर ने कथित तौर पर अपने साथ लाए भाले से अजय के पेट और हाथ पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से वह जमीन पर गिर पड़ा। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से भाग गए। परिजन घायल अजय को तत्काल पाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज चल रहा था। गुरुवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। अजय की पत्नी जानकी बाई रोहिदास की शिकायत और बयान के आधार पर पुलिस ने भारत सिंह कंवर और संजय कुमार कंवर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी भारत सिंह कंवर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे कटघोरा उपजेल भेज दिया गया। वहीं, मामले का दूसरा आरोपी संजय कुमार कंवर फरार है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *