
बिलासपुर। सरकारी भुगतान प्रक्रिया में पारदर्शिता और वित्तीय अनुशासन बनाए रखने के लिए कलेक्टर संजय अग्रवाल ने बुधवार को कलेक्टोरेट परिसर स्थित जिला कोषालय का छमाही निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को बिलों और पेंशन प्रकरणों का समय पर निराकरण करने तथा अभिलेखों को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने डबल लॉक व्यवस्था का भौतिक सत्यापन किया और संबंधित पंजियों एवं दस्तावेजों की जांच की। उन्होंने स्टाम्प-टिकटों के संधारण, बिल पारित करने की प्रक्रिया, पेंशन भुगतान और लेखा संबंधी कार्यों की जानकारी भी ली। कलेक्टर ने कहा कि कोषालय के सभी कार्य निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं के अनुसार किए जाएं। अभिलेखों को नियमित रूप से अद्यतन रखने के साथ भुगतान संबंधी मामलों में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ कोषालय अधिकारी बसंत गुलेरी, सहायक कोषालय अधिकारी सुजीत कुमार पात्रे, खजांची ज्ञानू भारद्वाज, केके यादव सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।