छह प्रमुख मार्गों का होगा मजबूतीकरण


बिलासपुर। बरसात के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सडक़ों से परेशान वाहन चालकों को अब राहत मिलने की उम्मीद है। उप मुख्यमंत्री अरुण साव के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग ने शहर और ग्रामीण क्षेत्रों की सडक़ों की मरम्मत शुरू कर दी है। गड्ढों को भरने के साथ क्षतिग्रस्त हिस्सों पर पैचवर्क किया जा रहा है। वहीं, प्रमुख मार्गों के डामरीकरण और मजबूतीकरण की तैयारी भी की जा रही है। लोक निर्माण विभाग के अनुसार, रामतला पहुंच मार्ग और महामाया चौक से सेंदरी मार्ग पर डामर मरम्मत का काम शुरू हो चुका है। इसके अलावा छह प्रमुख मार्गों पर डामर मजबूतीकरण किया जाएगा। इनमें राजेंद्र नगर चौक से तारबाहर चौक, महामाया चौक से देवकीनंदन चौक, नेहरू चौक से उसलापुर, संजय तरण पुष्कर से अग्रसेन चौक, पावरहाउस चौक से दर्रीघाट और सीपत से बलौदा मार्ग शामिल हैं। शहर के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में भी सडक़ सुधार के कार्य प्रस्तावित हैं। सोन से सोनसरी, मल्हार-चिल्हाटी, जोंधरा-सोन-बसंतपुर, खम्हरिया-सोठी-नवापारा और पत्रकार कॉलोनी पहुंच मार्ग पर भी निर्माण कार्य जल्द शुरू किए जाएंगे। सडक़ों की मरम्मत और मजबूतीकरण से रोजाना सफर करने वाले लोगों, विद्यार्थियों, किसानों और व्यापारियों को राहत मिलने की उम्मीद है। गड्ढों के कारण वाहन चालकों को होने वाली परेशानी कम होगी और दुर्घटनाओं की आशंका भी घट सकती है। विभाग का जोर क्षतिग्रस्त हिस्सों को सुधारकर आवागमन को सुगम बनाने पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *