
बिलासपुर। रेलवे स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने और शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने गुरुवार को 216 स्टेशनों पर ‘पैन इंडिया रेल जनसंवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया। विशेष अभियान 6.0 के तहत अधिकारियों ने यात्रियों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने यात्रियों से संवाद किया। उन्होंने स्वच्छता, सुरक्षा, पेयजल, प्रतीक्षालय और अन्य सुविधाओं को लेकर फीडबैक लिया। महाप्रबंधक ने कहा कि यात्रियों के रचनात्मक सुझाव रेल सेवाओं को अधिक सुविधाजनक और प्रभावी बनाने में मददगार हैं। चांपा स्टेशन पर अपर महाप्रबंधक विजय कुमार साहू और उसलापुर स्टेशन पर मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन ने यात्रियों से चर्चा की। बिलासपुर, रायपुर और नागपुर मंडल के स्टेशनों पर आयोजित कार्यक्रमों में यात्रियों, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे रेलवे प्रशासन तक पहुंचाने का अवसर मिला।