
बिलासपुर। रेलवे कर्मचारियों की सुविधाओं, पदोन्नति और कार्यस्थल से जुड़ी समस्याओं के निराकरण को लेकर बिलासपुर रेल मंडल में दो दिवसीय पीएनएम (परमानेंट नेगोशिएशन मशीनरी) बैठक आयोजित की गई। 5 और 6 नवंबर को डीआरएम राकेश रंजन की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में मान्यता प्राप्त रेलवे मजदूर कांग्रेस की ओर से उठाए गए 85 सामान्य और 11 विशेष मुद्दों पर चर्चा की गई। विचार-विमर्श के बाद कई मामलों का निराकरण भी किया गया। बैठक में कर्मचारियों की पदोन्नति, पुनर्तैनाती, कार्यस्थल पर जरूरी सुविधाएं, सुरक्षा व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता और आवासीय सुविधाओं जैसे विषय प्रमुखता से उठाए गए। इसके अलावा कर्मचारियों के हित में साइडिंग माइलेज प्रदान करने पर भी सहमति बनी। बैठक में एडीआरएम जेएस मीना, के श्रीनिवास, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी डॉ. अंशुमान मिश्रा तथा मजदूर कांग्रेस के मंडल समन्वयक विजय अग्निहोत्री सहित विभिन्न शाखाओं के अधिकारी और संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। डीआरएम राकेश रंजन ने संगठन के पदाधिकारियों का कर्मचारियों से जुड़ी समस्याओं को प्रबंधन के सामने रखने के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि रेल प्रशासन कर्मचारियों और उनके परिवारों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील है। कर्मचारियों को बेहतर कार्य वातावरण और सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। उन्होंने आश्वस्त किया कि उठाए गए मुद्दों पर रेलवे बोर्ड के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।