
बिलासपुर। रिवर व्यू रोड में लगाए गए पटाखा बाजार की व्यवस्थाओं का जायजा लेने नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने बाजार का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पटाखा दुकानों में की गई व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया और दुकानदारों से चर्चा कर आवश्यक जानकारी ली। कमिश्नर ने मौके पर ही दुकानदारों के लाइसेंस की जांच की और निगम अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाजार में संचालित सभी दुकानों के लाइसेंस और आवश्यक अनुमतियों की नियमित रूप से जांच की जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी दुकान बिना वैध लाइसेंस और निर्धारित अनुमति के संचालित न हो। निरीक्षण के दौरान निगम कमिश्नर ने अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए दुकानदारों को सुरक्षा के सभी निर्धारित मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पटाखा बाजार में सुरक्षा के लिहाज से किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी दुकानदार अपने प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें और निर्धारित नियमों के अनुरूप ही पटाखों का विक्रय करें। उन्होंने निगम के अधिकारियों को भी बाजार में लगातार निगरानी रखने व समय-समय पर दुकानों का निरीक्षण कर लाइसेंस, सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की जांच करते रहने के निर्देश दिए। कमिश्नर श्री सर्वे ने बाजार परिसर में धूल उडऩे की समस्या को देखते हुए साफ-सफाई और नागरिकों की सुविधा पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रतिदिन तीन बार नियमित रूप से पानी का छिडक़ाव कराने के लिए कहा, ताकि बाजार परिसर में धूल न उड़े और दुकानदारों के साथ-साथ पटाखे खरीदने आने वाले नागरिकों को भी किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।