
बिलासपुर। दीपावली का त्योहार नजदीक आते ही बिलासपुर जिले में जुआरियों की महफिलें सजने लगी हैं। कोनी थाना क्षेत्र के लच्छनपुर जंगल में मोमबत्ती की रोशनी में चल रहे जुए के फड़ पर पुलिस ने देर रात बड़ी छापेमारी की। पुलिस की अचानक दबिश से मौके पर हडक़ंप मच गया और कई जुआरी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर भाग निकले। पुलिस टीम ने चारों तरफ से घेराबंदी कर मौके से 9 जुआरियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से 13,900 रुपये नकद और 9 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। कोनी थाना प्रभारी जितेन्द्र गुप्ता ने बताया कि रात्रि गश्त के दौरान पुलिस टीम सेंदरी, गतौरी, लोफंदी, अमतरा और लच्छनपुर क्षेत्र में गश्त पर निकली थी। इसी दौरान मुखबिर से पक्की सूचना मिली कि लच्छनपुर के घने जंगल में कुछ लोग प्लास्टिक की पन्नी बिछाकर मोमबत्ती की रोशनी में ताश के पत्तों पर हार-जीत का दांव लगा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने लच्छनपुर जंगल में दबिश देकर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही कई लोग भाग खड़े हुए, लेकिन 9 जुआरी पकड़े गए। आरोपी शुभम केवंट (29) निवासी गोंदइया, दीपक शिकारी (22) निवासी जंजीराडीह, जगन्नाथ साहू (24) निवासी गोंदिया, परमेश्वर ध्रुव (30) निवासी अमतरा, गणेश दास मानिकपुरी (40) निवासी लच्छनपुर, अमित कुमार साहू (26) निवासी लच्छनपुर, चंद्रप्रकाश पाटले (30) निवासी अमतरा, अनिल कुमार बंजारे (38) निवासी अमतरा, कृष्ण कुमार सारथी (32 ) निवासी लच्छनपुर को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2026 की धारा 3(2) के तहत अपराध पंजीकृत किया गया है।