बीच सड़क पर बर्थडे पार्टी और आतिशबाजी, पुलिस ने दर्ज किया केस


बिलासपुर। जन्मदिन का जश्न मनाने के लिए सार्वजनिक सड़क पर कार खड़ी करना और आतिशबाजी करना लोगों की सुरक्षा पर भारी पड़ सकता है। रिवर व्यू रोड पर आधी रात हुए ऐसे ही सेलिब्रेशन के मामले में सिविल लाइन पुलिस ने कार मालिक और चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। मामले से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद घटना चर्चा में आई थी। शुरुआत में इसे रायपुर का बताया जा रहा था, लेकिन जांच में घटनास्थल बिलासपुर निकला। वायरल वीडियो में कार की डिक्की खोलकर केक रखे जाने और सलमान खान की फिल्म के चर्चित गाने ‘ओ ओ जाने जाना’ पर रील बनाने के दृश्य दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान सड़क पर आतिशबाजी की तैयारी भी की जा रही थी। बताया गया कि जन्मदिन मनाने वाले नायब तहसीलदार विपिन पटेल की पदस्थापना रायपुर जिले में है। सरजू बगीचा निवासी अमित साहू (35) ने शिकायत में बताया कि 18 और 19 अक्टूबर की दरमियानी रात करीब एक बजे वह रिवर व्यू रोड से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सड़क पर कार खड़ी कर जन्मदिन मनाया जा रहा था। इससे आवागमन प्रभावित हो रहा था और दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी। उन्होंने 23 अक्टूबर को सिविल लाइन थाने में लिखित शिकायत दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार क्रमांक CG-04-NY-1910 के मालिक और चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सड़क पर जन्मदिन मनाने, आतिशबाजी करने और यातायात बाधित करने जैसी गतिविधियों से दूसरे वाहन चालकों और राहगीरों के लिए खतरा पैदा होता है। ऐसे मामलों में हाईकोर्ट भी पहले सख्ती बरतने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दे चुका है। इस घटना ने एक बार फिर सार्वजनिक सड़कों पर नियमों की अनदेखी का मुद्दा सामने ला दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *