
बिलासपुर। दूसरे राज्य से मादक पदार्थ लाकर बिलासपुर में बेचने के नेटवर्क पर पुलिस ने कार्रवाई की है। उसलापुर बाजार के आसपास हेरोइन के ग्राहक तलाश रहे पंजाब के एक युवक को एसीसीयू और सकरी पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 11.73 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है, जिसकी कीमत करीब 2.50 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने 10,500 रुपए नकद भी जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार, त्योहारों के मद्देनजर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि उसलापुर क्षेत्र में एक युवक हेरोइन बेचने की कोशिश कर रहा है। सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर दीपक वालिया को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास से मादक पदार्थ बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने अमृतसर से हेरोइन खरीदकर बिलासपुर लाने की जानकारी दी। वह इसे छोटी-छोटी पुड़िया में बांटकर अधिक कीमत पर बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा था। आरोपी अमृतसर की सुभाष कॉलोनी का निवासी है और वर्तमान में उसलापुर स्थित वास्तु शिखर अपार्टमेंट में रह रहा था। पुलिस अब आरोपी को हेरोइन उपलब्ध कराने वाले लोगों और बिलासपुर में उसके संभावित ग्राहकों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। साथ ही उसके वित्तीय लेन-देन की भी जांच की जा रही है। सकरी थाने में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) और 22(बी) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। न्यायालय में पेशी के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।