जरूरतमंदों को मिलेगा योजनाओं का लाभ: कलेक्टर


बिलासपुर। सरकारी योजनाओं की सफलता केवल उनके संचालन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके लिए समाज के व्यवहार में सकारात्मक बदलाव और जनभागीदारी भी जरूरी है। लोगों की सक्रिय सहभागिता से योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकता है। यह बात कलेक्टर संजय अग्रवाल ने शुक्रवार को मंथन सभागृह में आयोजित संभाग स्तरीय कार्यशाला में कही।
‘आप देंगे साथ तो बनेगी बात’ विषय पर आयोजित इस कार्यशाला का आयोजन यूनिसेफ, प्रकृति सेवा संस्थान बिलासपुर और एलायंस फॉर बिहेवियर चेंज के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कलेक्टर ने कहा कि सकारात्मक व्यवहार परिवर्तन समाज को नई दिशा देने का माध्यम है। स्वयंसेवी संगठन और युवा लोगों को जागरूक करने के साथ उन्हें बेहतर आदतें अपनाने के लिए प्रेरित कर सकते हैं। उन्होंने प्रतिभागियों से अपने व्यवहार में सकारात्मक बदलाव लाकर दूसरों के लिए उदाहरण बनने का आह्वान किया। कार्यशाला में बिलासपुर सहित संभाग के सात जिलों के स्वयंसेवी संगठनों, युवोदय के सदस्यों, महाविद्यालयों के विद्यार्थियों, शिक्षकों, मीडिया प्रतिनिधियों और महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया। अंत में प्रकृति सेवा संस्थान के प्रमुख डॉ. राजीव अवस्थी ने आभार जताया।

बाक्स में…
योजनाओं से लोगों को मिलेगा लाभ
जिला पंचायत के सीईओ संदीप अग्रवाल ने कहा कि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में समुदाय की भागीदारी महत्वपूर्ण है। लोगों को योजनाओं के उद्देश्यों से जोडक़र उनके परिणाम बेहतर किए जा सकते हैं। नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे भी कार्यशाला में उपस्थित रहे। यूनिसेफ के अभिषेक सिंह ने उपयोगी जानकारियों को दैनिक जीवन में अपनाने पर जोर दिया। विषय विशेषज्ञ चंदन कुमार ने उदाहरणों के जरिए समझाया कि किसी भी योजना की सफलता के लिए लोगों की समझ, स्वीकार्यता और व्यवहार में उसका समावेश जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *