रेलवे स्कूल में कब-बुलबुल एवं स्काउट-गाइड का एक दिवसीय शिविर आयोजित


बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, ग्रुप नंबर-1, बिलासपुर में कब-बुलबुल एवं स्काउट-गाइड का एक दिवसीय शिविर उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ ध्वजारोहण के साथ हुआ। इस अवसर पर संस्था में नए सदस्यों के रूप में शामिल होने वाले बच्चों को पारंपरिक दीक्षा संस्कार के माध्यम से स्काउटिंग की प्रतिज्ञा एवं नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अनुराग कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक एवं जिला आयुक्त स्काउट, तथा श्रीमती नेहा सिंह, जिला आयुक्त गाइड रहीं। अतिथियों द्वारा नवप्रवेशी बच्चों को बैज, स्कार्फ एवं टोपी पहनाकर संस्था में शामिल किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

शिविर के दौरान बच्चों को स्काउटिंग के नियमों, प्रतिज्ञा, झंडा गीत, प्रार्थना एवं विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी गई। इसके साथ ही गीत, प्ले एक्टिंग एवं मनोरंजक खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। नवप्रवेशी सदस्यों के स्वागत में सामूहिक भोजन एवं उपहार वितरण भी किया गया।

शिविर का संचालन संजय कुमार साहू (कब मास्टर) एवं श्री मुरली मोहन दास (स्काउट मास्टर) ने किया। आयोजन में श्रीमती सीमा शर्मा, श्रीमती जया बनर्जी, श्री मदन मोहन पटेल एवं श्रीमती शैलेंदा रामटेके का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर जिला संगठन आयुक्त स्काउट श्री दिनेश कुमार यादव, जिला संगठन आयुक्त गाइड श्रीमती सुजाता सिंह सहित अन्य स्काउटर, गाइडर एवं विद्यालय के विद्यार्थी उपस्थित रहे।

शिविर में लगभग 110 सदस्यों ने सहभागिता की। समापन अवसर पर ध्वज अवतरण एवं राष्ट्रगान के साथ शिविर का समापन किया गया। विद्यालय के प्राचार्य श्री ए.के. मिश्रा ने बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए स्काउटिंग के आदर्शों को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *