बिलासपुर।
मध्य रेलवे, बिलासपुर मंडल में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा ऊर्जा के विवेकपूर्ण उपयोग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 01 से 07 नवम्बर 2026 तक ‘ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह’ का आयोजन किया जा रहा है। भारतीय रेलवे की ‘मिशन लाइफ’ (Lifestyle for Environment) की परिकल्पना के अनुरूप आयोजित इस सप्ताह के दौरान रेलवे परिसरों में पर्यावरण संरक्षण एवं सतत जीवनशैली से जुड़ी विभिन्न जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही है।
इसी क्रम में आज 02 नवम्बर को ‘ऊर्जा बचाएं’ थीम के अंतर्गत बिलासपुर मंडल के सभी रेलवे स्टेशनों पर ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूकता अभियान चलाया गया। इसके तहत रेलवे कर्मचारियों, सफाई मित्रों, ऑन बोर्ड हाउसकीपिंग स्टाफ एवं यात्रियों को बिजली की अनावश्यक खपत रोकने तथा ऊर्जा के जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग करने के प्रति जागरूक किया गया।
मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर अधिकारियों, पर्यवेक्षकों एवं कर्मचारियों की सहभागिता से जागरूकता बैठकें आयोजित की गईं। इन बैठकों में ऊर्जा संरक्षण के महत्व, विद्युत संसाधनों के प्रभावी उपयोग तथा दैनिक कार्यों में बिजली की बचत सुनिश्चित करने के उपायों पर चर्चा की गई। इस अवसर पर अनावश्यक बिजली खपत रोकने और ऊर्जा संरक्षण को अपनी दैनिक कार्यशैली का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया गया |
अभियान के अंतर्गत रेलवे स्टेशनों एवं कार्यालयों में ऊर्जा संरक्षण से संबंधित पोस्टर एवं डिजिटल संदेश प्रदर्शित किए गए साथ ही जन उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से यात्रियों को बिजली की अनावश्यक खपत कम करने के संदेश प्रसारित किये गए ।
इसके अलावा कार्यालयों एवं स्टेशनों में कर्मचारियों को उपयोग नहीं होने की स्थिति में लाइट, पंखे, एयर कंडीशनर (AC) एवं अन्य विद्युत उपकरणों को अनिवार्य रूप से बंद करने की आदत डालने के लिए प्रेरित किया गया | साथ ही स्टेशन परिसर एवं प्रतीक्षालयों में यात्रियों को ऊर्जा संरक्षण के महत्व के बारे में बताते हुये बिजली की बचत करने तथा पर्यावरण संरक्षण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए आग्रह किया गया।