बिलासपुर। बिजली विभाग के अधिकारी पर जानलेवा हमला करने वाले सात आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों द्वारा शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने का आरोप है। हिर्री पुलिस ने बताया कि ग्राम कुरेली विद्युत सब स्टेशन में मृतक सब स्टेशन आपरेटर अमन साहू के करेंट की चपेट में आने से मृत्यु हो गई थी। इस कारण आक्रोशित होकर कुछ असामाजिक तत्व के द्वारा शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करते हुए अधिकारी के साथ मारपीट की गई थी। इस मामले में एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर असामाजिक तत्व के विरूद्ध त्वरित कार्रवाई की गई। आरोपी दीपक कौशिक (27) निवासी कुरेली, शुभम कौशिक (27) निवासी कुरेली, सत्यम कौशिक (30) निवासी कुरेली, उमाषंकर कौशिक(28) निवासी कुरेली, आयुष कौशिक (24) निवासी कुरेली, ओमप्रकाश कौशिक (32) निवसी कुरेली, ललित कुमार कौशिक (24) निवासी कुरेली को थाना क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाये रखने हिदायत देकर प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस द्वारा आमजन से अपील की गई है कि कानून व्यवस्था भंग करने व सार्वजनिक स्थान में बाधा उत्पन्न करने वाले व्यक्तियो तथा असामाजिक तत्व की सूचना तत्काल पुलिस को दे, जिससे असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही हिर्री पुलिस द्वारा निरंतर जारी रहेगी।