
बिलासपुर। सोमवार की रात घर के बाहर टहल रही महिला के गले से सोने की चेन लूटकर स्कूटी सवार बदमाश आरोपी फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम जांच करने मौके पर पहुंची। इस मामले में पुलिस अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सरकंडा पुलिस ने बताया कि संपदा कैंपस निवासी सुमन सिंह एसईसीएल में काम करती हैं। बीते सोमवार रात 9 बजे खाना खाने के बाद वह कैंपस में टहल रही थीं। आमतौर पर वह पड़ोसियों के साथ टहलने जाती थीं, लेकिन उस दिन अकेली थीं। इसी दौरान स्कूटी सवार एक युवक उनके पास पहुंचा और पूछा कि बसंत कहां रहता है। महिला कुछ समझ पातीं, इससे पहले ही युवक ने उनके गले पर झपट्टा मार दिया। बदमाश ने सुमन सिंह के गले से करीब दो तोले की सोने की चेन खींच ली। महिला ने चेन बचाने के लिए विरोध किया तो आरोपी ने उनके साथ मारपीट की। झूमाझटकी में उनके गले और शरीर पर चोटें आईं। इसके बाद आरोपी स्कूटी से मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीडि़ता से जानकारी ली। आरोपी की तलाश के लिए कैंपस और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फुटेज में संदिग्ध युवक और उसकी स्कूटी नजर आ रही है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है।