स्पेन में ‘होला मोदी’ कार्यक्रम की मांग


बिलासपुर। अमेरिका के ‘हाउडी मोदी’ कार्यक्रम की तर्ज पर स्पेन में ‘होला मोदी’ आयोजन करने की मांग उठी है। स्पेन के कैटेलोनिया क्षेत्र में रह रहे भारतीय समुदाय ने केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री तोखन साहू के साथ संवाद के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को स्पेन आमंत्रित करने का आग्रह किया। इसके साथ ही बार्सिलोना में मंदिर निर्माण, भारत से सीधी हवाई सेवा और विवेकानंद केंद्र की स्थापना सहित पांच प्रमुख मांगें रखीं। कैटेलोनिया में लगभग 35 हजार भारतीय मूल के लोग रहते हैं। इनमें पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, केरल और तमिलनाडु सहित विभिन्न राज्यों के लोग शामिल हैं। ये लोग तकनीक, कारोबार और पेशेवर क्षेत्रों में सक्रिय हैं। दुर्गा पूजा, दीपावली, गणेशोत्सव और ओणम जैसे त्योहारों के आयोजन से भारतीय संस्कृति को भी जीवंत रखे हुए हैं। तोखन साहू ने कहा कि भारत और स्पेन के राजनयिक संबंध वर्ष 1956 में स्थापित हुए थे। वर्ष 2026 में दोनों देशों के संबंधों के 70 वर्ष पूरे हो रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, रक्षा, नवीकरणीय ऊर्जा, सार्वजनिक परिवहन, शहरी विकास और डिजिटल तकनीक जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ा है। उन्होंने कहा कि प्रवासी भारतीय दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक और आर्थिक संबंधों के महत्वपूर्ण सेतु हैं। भारतीय प्रतिनिधियों ने पांचवीं मांग के रूप में पंजाब में नशे की बढ़ती समस्या पर चिंता जताई। उन्होंने युवाओं को नशे से बचाने और नशामुक्ति अभियान को प्राथमिकता देने की अपील की। केंद्रीय राज्यमंत्री ने सभी मांगों और सुझावों को गंभीरता से सुना। उन्होंने कहा कि विदेशों में रहने वाले भारतीय अपनी मेहनत, प्रतिभा और संस्कृति से देश की वैश्विक पहचान मजबूत कर रहे हैं। उनकी सहभागिता से भारत और स्पेन के बीच सहयोग के नए अवसर विकसित हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *