रेलवे स्टेशनों पर पानी की बर्बादी रोकने की पहल


बिलासपुर। रेलवे स्टेशनों पर पानी की बर्बादी रोकने और जल स्रोतों को स्वच्छ रखने के लिए बिलासपुर रेल मंडल में मंगलवार को विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। ‘जल बचाएं’ थीम पर आयोजित इस अभियान में रेलकर्मियों, सफाई मित्रों और यात्रियों को पानी का जरूरत के अनुसार उपयोग करने तथा जल संरक्षण में भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया। यह गतिविधि भारतीय रेलवे की ओर से 1 से 7 नवंबर तक आयोजित ‘ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह’ के तहत मिशन लाइफ के अंतर्गत की जा रही है। इसका उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग के प्रति लोगों को जागरूक करना है। अभियान के दौरान बिलासपुर मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर वाणिज्य और चिकित्सा विभाग के पर्यवेक्षकों ने कर्मचारियों तथा सफाई मित्रों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई। उन्हें नलों को खुला नहीं छोडऩे, पानी का अनावश्यक उपयोग रोकने और जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने की समझाइश दी गई। रेलवे अधिकारियों ने स्टेशनों के वाटर बूथ, ट्यूबवेल और अन्य जल स्रोतों का निरीक्षण भी किया। इन स्थानों पर नियमित साफ-सफाई और स्वच्छता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा रेलवे कॉलोनियों में जलापूर्ति के लिए स्थापित फिल्टर हाउस और वाटर स्टोरेज टैंकों की स्थिति भी जांची गई। विभिन्न स्थानों से पानी के नमूने लेकर उनकी गुणवत्ता परीक्षण की प्रक्रिया भी शुरू की गई। यात्रियों तक संदेश पहुंचाने के लिए पोस्टर, बैनर, डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड और उद्घोषणा प्रणाली का उपयोग किया गया। इनके माध्यम से लोगों को पानी की बर्बादी रोकने और जल स्रोतों को साफ रखने की अपील की गई। रेलवे मंडल में सप्ताहभर अलग-अलग जागरूकता और स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियां भी आयोजित की जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *