रेलवे ने यात्रियों और वेंडरों को किया जागरूक

बिलासपुर। रेलवे स्टेशनों पर स्वच्छता बनाए रखने और खाद्य संसाधनों के संरक्षण के लिए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल में विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह के तहत 1 से 7 नवंबर तक आयोजित गतिविधियों की कड़ी में बुधवार को ‘सतत खाद्य प्रणालियां अपनाएं’ थीम पर यात्रियों, रेलकर्मियों और खानपान विक्रेताओं को जागरूक किया गया। अभियान के दौरान प्रमुख रेलवे स्टेशनों के फूड स्टॉल और कैटरिंग क्षेत्रों में पोस्टर लगाए गए। इनमें भोजन की बर्बादी रोकने और खाद्य पदार्थों का जरूरत के अनुसार उपयोग करने का संदेश दिया गया। रेलवे कर्मचारियों ने स्टॉल संचालकों और ट्रेनों में खानपान सामग्री बेचने वाले वेंडरों से चर्चा कर उन्हें जिम्मेदार खानपान के लिए प्रेरित किया। यात्रियों से भी अपील की गई कि वे अपनी आवश्यकता के अनुसार ही भोजन लें और खाने को व्यर्थ न करें। भोजन करने के बाद कचरा इधर-उधर फेंकने के बजाय निर्धारित डस्टबिन में डालें। इसके अलावा स्टेशन की उद्घोषणा प्रणाली और डिजिटल संदेशों के जरिए भी जागरूकता फैलाई गई। रेलवे प्रशासन का उद्देश्य लोगों की दैनिक आदतों में बदलाव लाकर खाद्य संसाधनों का संरक्षण करना और रेलवे परिसरों को स्वच्छ एवं पर्यावरण अनुकूल बनाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *