
बिलासपुर। आंध्र प्रदेश के शहरी निकाय चुनावों में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की निर्णायक जीत पर केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री तोखन साहू ने गठबंधन के नेताओं और कार्यकर्ताओं को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह परिणाम जनता के विश्वास और विकास आधारित राजनीति की स्वीकार्यता को दर्शाता है। इस जीत से प्रदेश में शहरी विकास की योजनाओं को नई गति मिलने की उम्मीद है।
साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू के नेतृत्व में आंध्र प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित करेगा। नगर निगमों, नगरपालिकाओं और नगर पंचायतों में एनडीए के शानदार प्रदर्शन से स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों को मजबूत आधार मिलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र, राज्य और स्थानीय निकायों के बीच बेहतर तालमेल से विकास का ट्रिपल इंजन मॉडल प्रभावी रूप से आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि चुनाव परिणाम केवल राजनीतिक जीत नहीं, बल्कि आधुनिक और सुविधायुक्त शहरों के निर्माण के लिए जनता की अपेक्षाओं का भी संकेत हैं। शहरी क्षेत्रों में बेहतर सडक़, स्वच्छता, पेयजल, आवास, परिवहन और नागरिक सुविधाओं का विस्तार विकास की प्राथमिकता होनी चाहिए। साहू ने कहा कि एनडीए सरकार का लक्ष्य शहरी निकायों को अधिक सक्षम, पारदर्शी और नागरिक केंद्रित बनाना है। स्थानीय निकायों में मजबूत जनसमर्थन मिलने से विकास योजनाओं के क्रियान्वयन और आम लोगों तक सुविधाएं पहुंचाने में मदद मिलेगी। उन्होंने इसे आंध्र प्रदेश के शहरी विकास के लिए सकारात्मक जनादेश बताया।
उल्लेखनीय है कि श्री साहू ने आंध्र प्रदेश के अनंतपुर में चुनावी रैलियों और जनसभाओं में भाग लेकर एनडीए के महापौर पद के प्रत्याशियों एवं गठबंधन के उम्मीदवारों के समर्थन में प्रचार किया था। इस दौरान उन्होंने जनता से शहरी परिवर्तन और समग्र विकास के एनडीए के विजन को समर्थन देने की अपील की थी।