एक राष्ट्र-एक चुनाव में अभय रहे अव्वल

बिलासपुर। लोकतंत्र को मजबूत बनाने और चुनावी प्रक्रिया में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से जेपी वर्मा महाविद्यालय में जिला स्तरीय विकसित भारत युवा संसद 2026-27 का आयोजन किया गया। 3 नवंबर को मेरा युवा भारत, बिलासपुर की ओर से आयोजित कार्यक्रम में युवाओं ने ‘एक राष्ट्र-एक चुनाव’ विषय पर अपने विचार और तर्क प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में अभय शुक्ला ने प्रथम, प्रशंसा पांडे ने द्वितीय और राजलक्ष्मी ने तृतीय स्थान हासिल किया। कार्यक्रम की शुरुआत ‘अपने वोट को जानें’ विषय पर युवा संवाद से हुई। इसमें प्रतिभागियों ने मतदान के महत्व, लोकतांत्रिक सहभागिता और नागरिकों की जिम्मेदारी पर विचार रखे। युवाओं ने लोकतंत्र को मजबूत बनाने की शपथ भी ली। इसके बाद आयोजित युवा संसद में एक साथ लोकसभा और विधानसभा चुनाव कराने की अवधारणा पर पक्ष-विपक्ष में विचार प्रस्तुत किए गए। मेरा युवा भारत के उपनिदेशक नितिन कुमार शर्मा ने युवा संसद के उद्देश्यों और प्रक्रिया की जानकारी दी। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सतीश दुबे ने राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। यूथ आइकन प्रशंसा पांडे तथा स्पोर्ट्स आइकन यश कुमार और गजेंद्र ठाकुर ने भी युवाओं से संवाद किया। प्रतियोगिता का मूल्यांकन प्रोफेसर राजेंद्र मेहता सहित पांच सदस्यीय निर्णायक मंडल ने किया। आयोजन में माय भारत के स्वयंसेवकों ने सहयोग दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *