भारत के शहरों के विकास में निवेश करेगा स्पेन


बिलासपुर। भारत के शहरी विकास को नई तकनीक और वैश्विक निवेश से गति देने के लिए केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने स्पेनिश कंपनियों को भारत में निवेश का आमंत्रण दिया है। स्पेन की राजधानी मैड्रिड में स्पेन-इंडिया काउंसिल फाउंडेशन के साथ हुई बैठक में जल प्रबंधन, स्वच्छता, कचरा निपटान, आधुनिक परिवहन और स्मार्ट मोबिलिटी जैसे क्षेत्रों में भारत-स्पेन साझेदारी बढ़ाने पर चर्चा हुई। बैठक में श्री साहू ने बताया कि भारत सरकार की अर्बन चैलेंज फंड योजना के माध्यम से अगले पांच वर्षों में शहरी क्षेत्रों में करीब 4 लाख करोड़ रुपये के निवेश का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए केंद्र सरकार एक लाख करोड़ रुपये की सहायता उपलब्ध कराएगी। उन्होंने स्पेनिश कंपनियों से शहरी आधारभूत संरचना, आवास और सार्वजनिक सुविधाओं के विकास में निवेश करने की अपील की। जल प्रबंधन को महत्वपूर्ण क्षेत्र बताते हुए उन्होंने अमृत 2.0 योजना का उल्लेख किया। साथ ही स्पेन की कंपनी एक्कियोना की समुद्री जल को पेयजल में बदलने और जल शोधन की तकनीक का जिक्र करते हुए इस क्षेत्र में सहयोग की संभावनाएं तलाशने पर जोर दिया। स्वच्छ भारत मिशन की उपलब्धियां साझा करते हुए साहू ने बताया कि शहरी ठोस कचरे के प्रसंस्करण की दर 2014 के 16 प्रतिशत से बढक़र 81 प्रतिशत से अधिक हो गई है। उन्होंने कचरे से ऊर्जा बनाने और पुनर्चक्रण के क्षेत्र में स्पेन की तकनीक अपनाने का प्रस्ताव रखा। बैठक में जल प्रबंधन, वेस्ट-टू-एनर्जी और स्मार्ट मोबिलिटी के क्षेत्र में दो से तीन पायलट परियोजनाएं शुरू करने का सुझाव भी दिया गया। इन परियोजनाओं के जरिए दोनों देशों की तकनीकी विशेषज्ञता को जमीन पर उतारने और सफल मॉडल विकसित करने की योजना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *